उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति अध्यक्ष जोगी राम जैन ने आम आदमी पार्टी द्वारा प्रैस वार्ता कर उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर नॉवल्टी सिनेमा के संबंध में लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि नॉवल्टी सिनेमा की भूमि कुल 1157 वर्ग मी है और यहाँ पर सर्कल रेट 70,080 रूपये प्रति वर्ग मी है। कमर्शियल रेट के हिसाब से यहाँ पर फ़ैक्टर तीन लगता है इसके अनुसार नॉवल्टी सिनेमा की भूमि की कीमत क़रीब 24 करोड़ रुपये आती है। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने नॉवल्टी सिनेमा की भूमि की 34.59 करोड़ रुपये बेसिक क़ीमत रखी है। इस भूमि की निविदाएँ कुल 34.75 करोड़ रुपये आयी हैं। उन्होंने बताया कि निविदाएँ आमंत्रित करने की पूरी प्रक्रिया में ई टेंडरिंग का पालन किया गया है।
जोगी राम जैन ने बताया कि आम आदमी पार्टी को पूरे तथ्यों की जानकारी नहीं है वो बिना तथ्यों के आरोप लगाने का कार्य करते हैं। नॉवल्टी सिनेमा की भूमि फ़्री होल्ड पर नहीं दी गई है, निगम ने यह भूमि लीज़ होल्ड पर दी है जिसका 2.5 प्रतिशत किराया यानी कुल 88 लाख रुपये हर साल निगम को प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि इस भूमि का कुल 50 प्रतिशत ही कवर किया जा सकता है और इसका एफ ए आर 125 ही है यानी इसके अनुसार इस भूमि पर केवल करीब ढाई मंज़िला इमारत ही बनायी जा सकती है।
जोगी राम जैन ने बताया कि आम आदमी पार्टी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर झूठे आरोप लगा रही है ताकि वह अगले साल होने वाले निगम चुनावों में इसका फ़ायदा ले सके। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को नागरिकों के हितों से कोई सरोकार नहीं है वो तो बस अपने राजनीतिक एजेंडा को पूरा करना चाहते हैं चाहे इसके लिए उन्हें कोई भी नया झूठ क्यों न बोलना पड़े।