उत्तरी दिल्ली के महापौर, जय प्रकाश ने आज बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों का नवंबर और दिसंबर माह तक का वेतन जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि निगम में कार्यरत नर्सों, शिक्षकों और सी व डी श्रेणी के कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था भी कर दी गई है और जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही ए व बी श्रेणी के कर्मचारियों का वेतन भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।
महापौर जय प्रकाश ने सभी कर्मचारियों से अपनी हड़ताल खत्म कर कार्य पर वापस लौटने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि निगम अपने संसाधनों से कर्मचारियों को समय से वेतन देना का हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार से निगम कर्मचारियों के वेतन के लिए जो 938 करोड़ रूपय आना था वो भी अभी तक नहीं आया है।