उत्तरी दिल्ली नगर निगम के लाभकारी परियोजना (आरपी सेल) और क्षेत्रीय अधिकारियों ने निगम के क्षेत्रों में अवैध / अनधिकृत पार्किंग चलाने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान देखा गया की कई अवैध पार्किंग निगम से बिना अनुमति लिए निजी व्यक्तियों द्वारा सड़कों, सार्वजनिक भूमि आदि पर संचालित की जा रही थी और अवैध रूप से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था।
उपायुक्त, आरपी सेल, राजेश गोयल ने बताया कि इस अभियान के दौरान उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अवैध पार्किंग चलाने और पार्किंग शुल्क वसूलने के लिए पार्किंग माफिया के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में 18 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पुलिस अधिकारियों से एफआईआर दर्ज करने और पार्किंग माफिया के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में अवैध/अनधिकृत पार्किंग को रोकने के लिए निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है। उन्होंने बताया कि सिटी-सदर पहाडगंज़ क्षेत्र में करीब 13 और करोलबाग क्षेत्र में 05 शिकायतें विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज की गयी हैं।
राजेश गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम अवैध पार्किंग माफिया के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान में और तेज लाने का फैसला किया है ताकि पूरे उत्तरी दिल्ली के क्षेत्र में यातायात और पैदल चलने वालों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित हो सके और निगम द्वारा पार्किंग स्थलों से राजस्व बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
राजेश गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पिछले एक महीने के दौरान क्षेत्र में पार्किंग प्रबंधन में सुधार, पार्किंग स्थलों से राजस्व में वृद्धि, अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ विभिन्न पहल की गई हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में 133 पार्किंग स्थल चल रहे है। इनमें से 66 पार्किंग स्थल अधिकृत ठेकेदारों द्वारा संचालित और प्रबंधित किए जा रहे हैं और 67 पार्किंग स्थलों को तब तक मुफ्त पार्किंग स्थल घोषित किया गया है जब तक कि इन पार्किंग स्थलों को ई-निविदा प्रक्रिया के माध्यम से चलाने के लिए ठेकेदारों का चयन नहीं किया जाता है।