उत्तरी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त, संजय गोयल ने बताया कि निगम अपने अधिकार क्षेत्र में एकल-प्रयोग प्लास्टिक को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने के लिए विभिन्न कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने प्लास्टिक कचरा प्रबंधन नियम, 2016 और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशानिर्देशों के अनुसार टिकरी कलां में प्रतिदिन 50 टन (टीपीडी) प्लास्टिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने जा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण/प्रसंस्करण, पृथक्करण, संग्रह व परिवहन के कार्य के लिए अपशिष्ट प्रबंधन एजेंसियों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है ताकि प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण/प्रसंस्करण व्यवस्थित रूप से किया जा सके।
संजय गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में लगभग 4500 मीट्रिक टन ठोस अपशिष्ट उत्पन्न/संग्रहित होता है। जिसमें से लगभग 450 मीट्रिक टन प्लास्टिक कचरा होता है जिसमें पुनर्चक्रण योग्य और गैर-पुन: उपयोग योग्य घटक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम सिंगल यूज प्लास्टिक को खत्म करने और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन नियम, 2016 को लागू करने के लिए कार्य योजना लेकर आयी है।
संजय गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के तीन क्षेत्रों से एकत्रित प्लास्टिक कचरे सहित 2000 टीपीडी ठोस अपशिष्ट के प्रसंस्करण के लिए नरेला-बवाना में पहले से ही एक अपशिष्ट प्रसंस्करण सुविधा चला रही है। उन्होंने बताया कि भलस्वा लैंडफिल से विरासती कचरे के जैव-खनन के माध्यम से एकत्र किए गए लगभग 350 टीपीडी आरडीएफ का उपयोग नरेला-बवाना में अपशिष्ट से ऊर्जा संयंत्र में भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक कचरे सहित ठोस कचरे के प्रसंस्करण के लिए आईओसीएल के सहयोग से एक एकीकृत अपशिष्ट से ऊर्जा संयंत्र भी प्रक्रिया में है।
संजय गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए आरडब्ल्यूए/मार्केट एसोसिएशन/एनजीओ के साथ समन्वय कर जागरूकता अभियान भी चला रही है। उन्होंने बताया कि कुल ठोस अपशिष्ट का लगभग 10% प्लास्टिक कचरा होता है।
संजय गोयल ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए और माननीय एनजीटी के आदेश के अनुसार, उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने 31.01.2021 तक 1526 चालान किए हैं, 19.18 लाख रुपये जुर्माने के रूप में प्राप्त किया गया है और 50 माइक्रोन से नीचे 12930.80 किलोग्राम प्लास्टिक बैग को जब्त किया है।