दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने लोगों में देशभक्ति की भावना जाग्रत करने के लिए पांच स्थानों पर हाईमास्ट तिरंगे लगवाए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली स्थित पूर्वी किदवई नगर में 115 फुट ऊंचा तिरंगा लहराकर उद्घाटन किया। सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पांच तिरंगे आज लगकर तैयार हो गए हैं। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस तक 500 तिरंगे बनकर तैयार हो जाएंगे। दिल्ली में तिरंगे लगवाने का उद्देश्य यह है कि जब कोई व्यक्ति दफ्तर के लिए निकले तो उसे रास्ते में तिरंगे दिखाई दें। उसके अंदर देशभक्ति की भावना जाग सके। उन्होंने कहा कि देशभक्ति पाठ्यक्रम शहीद भगत सिंह के जन्मदिन 27 सितंबर से लागू हो जाएगा। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक रोज 45 मिनट तक देशभक्ति का पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। दिल्ली में देशभक्ति पाठ्यक्रम की जो शुरुआत की गई है उसे धीरे-धीरे देश के सभी स्कूलों के अंदर शुरू किया जा सकता है।
दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर आज पांच स्थानों पर हाईमास्ट तिरंगे लगवाए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा स्थित पूर्वी किदवई नगर में 115 फुट ऊंचा तिरंगा लहराकर इनका उद्घाटन किया। पूर्वी किदवई नगर के साथ कालकाजी, पटपड़गंज, रानी बाग और द्वारका में हाईमास्ट तिरंगे लगाए गए हैं। इस दौरान उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन और मुख्य सचिव मौजूद रहे।
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में गगनचुंबी तिरंगे का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब आज तिरंगे को फहरा रहे थे तो अन्ना आंदोलन की याद ताजा हो गई। रामलीला मैदान में अन्ना आंदोलन के मंच से जब तिरंगा लहराया जा रहा होता था और अन्ना जी भारत माता की जय कहते थे तो घर में टीवी के सामने बैठा हुआ आदमी जय बोलता था। इस तरह का पूरे देश के अंदर उस समय देशभक्ति का माहौल था।
उन्होंने कहा कि आजादी के 74 साल पूरे हुए हैं और 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। तिरंगे को जब देखते हैं तो दिल में कुछ-कुछ होता है और रोंगटे खड़े हो जाते हैं। देश भक्ति से पूरा रोम-रोम खिल उठता है। दिल्ली के अंदर इसी तरह के 500 तिरंगे जगह-जगह लगाए जाएंगे, ताकि जब घर से दफ्तर के लिए निकलें तो ऑफिस पहुंचने तक एक-दो तिरंगे नजर आ जाएं। यदि पूरे दिन में दो-तीन तिरंगे के दर्शन कर लेंगे तो देशभक्ति वापस जाग जाएगी। जीवन की भागदौड़ में देश और देश भक्ति के बारे में भूल जाते हैं। अब ये तिरंगे देशभक्ति की याद दिलाएंगे।
सीएम श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 75वें स्वतंत्रता दिवस पर सरकार ने महत्वपूर्ण शुरुआत की है। अभी तक स्कूलों में फिजिक्स, गणित, भूगोल सहित सभी विषय पढ़ाते थे लेकिन देशभक्ति नहीं पढ़ाते थे। स्कूलों में यह एक कमी थी। कई सारे देशों में देश भक्ति के बारे में अलग से बताया जाता है। अब देश के अंदर दिल्ली से यह शुरुआत हो रही है। दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में देशभक्ति का पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। शहीद भगत सिंह का 27 सितंबर को जन्मदिन है। दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में 27 सितंबर से नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक रोज 45 मिनट के लिए देशभक्ति का पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा। हर बच्चे को देश के बारे में गर्व करना सिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि छात्रों को कुछ रटाएंगे नहीं बल्कि एक्टिविटी आधारित पढ़ाई करवाएंगे। देश के बारे में जो दायित्व, जिम्मेदारी और कर्तव्य हैं, वह बच्चों को सिखाए जाएंगे। बच्चों को इस तरह से तैयार किया जाएगा ताकि बड़े होकर वह देश की बागडोर संभाल सकें। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर तन-मन-धन देश के लिए न्यौछावर करने के लिए तैयार रहें। उम्मीद है कि दिल्ली में देशभक्ति पाठ्यक्रम की जो शुरुआत की गई है उसे धीरे-धीरे देश के सभी स्कूलों के अंदर पढ़ाना शुरू किया जाएगा।
*केजरीवाल सरकार ने बजट में किया था ऐलान*
दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने देशभक्ति बजट के दौरान 500 स्थानों पर हाईमास्ट झंड़े लगाने की घोषणा की थी। इसके लिए बजट में 45 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। जिसके बाद पीडब्ल्यूडी की तरफ से दिल्ली में झंड़े लगवाए जा रहे हैं। पांच गगनचुंबी झंडे अभी तक दिल्ली में लगाए जा चुके हैं, जबकि बाकि के झंडे 26 जनवरी तक लगाए जाएंगे। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने निविदाएं भी आमंत्रित की हैं।