विश्व स्वास्थ्य दिवस 2022 के मौके पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वस्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने आज थाना बेरी में ‘आरोग्यम उत्सव’ कार्यक्रम के तहत हैल्थ चैकअप कैंप का आयोजन किया।
150 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया
‘आरोग्यम उत्सव’ के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर, मानसिक स्वास्थ्य सम्बंधित कार्यशाला, अधिकारियों द्वारा फिटनेस पर भाषण जैसे कार्यक्रमों में 150 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन ने शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक स्वास्थय का ध्यान रखने का भी महत्व समझाया। साथ ही स्वस्थ कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को स्वस्थ भोजन खाने का महत्व बताते हुए कहा कि “गुड फ़ूड मतलब गुड मूड” इसलिए अच्छा भोजन लें और रोज़ाना समय पर कसरत करें।
डीजीपी हरियाणा ने जिले के पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को दिया सन्देश
डीजीपी हरियाणा ने ‘आरोग्यम उत्सव’ के दौरान एक वीडियो सन्देश के माध्यम से सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को स्वास्थय का विशेष रूप से ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए उचित खान-पान, नियमित रूप से योग व्यायाम आदि आवश्यक हैं और पुलिस के समक्ष आने वाली विभ्भिन चुनौतियों और परिस्थितियों का सामना करने में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थय अहम भूमिका निभाता है।
पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने पुलिसकर्मियों के जुनून की सराहना की
पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने पुलिस कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस दिन-रात सक्रिय रूप से काम करती है। व्यस्त कार्यशैली के कारण कई बार पुलिसकर्मियों को स्वस्थ्य सम्बंधित समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। लेकिन वे उतने ही साहस के साथ फील्ड में फिर से उतरकर लोगों की सेवा में अपना अहम योगदान सुनिश्चित करते हैं।
‘आरोग्यम उत्सव’ के जिला नोडल अधिकारी एडिशनल एसपी श्री विक्रांत भूषण ने कहा कि यह कार्यक्रम आज हरियाणा पुलिस द्वारा राज्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। पुलिस बल की व्यस्त दैनिक कार्यशैली स्वस्थ्य के प्रति ध्यान को एक संवेदनशील मुद्दा बनाती है और हमारा यह भी मानना है कि अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित करके ही पुलिस जनता की अधिक सक्रिय रूप से सेवा की जा सकती है।