झज्जर: 01 मार्च 2022
विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में झज्जर पुलिस में भर्ती के लिए आवेदक पूर्व सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के पूर्व जवानों के साक्षात्कार की प्रक्रिया 03 मार्च 2022 बृहस्पतिवार को आरंभ की जाएगी। जानकारी देते हुए विशेष चयन कमेटी के सदस्य एवं उप पुलिस अधीक्षक झज्जर श्री नरेश कुमार ने बताया कि झज्जर जिला में रिक्त पदों पर 70 एसपीओ की भर्ती के लिए आवेदकों के साक्षात्कार की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से आरंभ की जाएगी। उन्होंने बताया कि एसपीओ भर्ती कमेटी के अध्यक्ष एवं एसपी झज्जर श्री वसीम अकरम आईपीएस के दिशा निर्देश अनुसार एसपीओ के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदको के साक्षात्कार की प्रक्रिया पुलिस लाइन झज्जर में आरंभ की जाएगी। एसपीओ पद के लिए आवेदकों के साक्षात्कार 03 मार्च 2022 से आरंभ होकर 05 मार्च 2022 तक संपन्न होंगे। प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से क्रम संख्या अनुसार रोजाना आवेदकों के साक्षात्कार होंगे। साक्षात्कार के लिए आवेदकों के रजिस्ट्रेशन क्रमांक नंबर के अनुसार निम्नलिखित दिन निर्धारित किए गए हैं :- 03 मार्च 2022 बृहस्पतिवार को क्रमांक नंबर 90001 से 90282 तक, 04 मार्च 2022 शुक्रवार को क्रमांक नंबर 90283 से 90565 तक तथा 05 मार्च 2022 शनिवार को क्रमांक नंबर 90566 से 90848 तक उम्मीदवारों के साक्षात्कार पुलिस लाईन झज्जर के प्रशासनिक भवन में होंगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा प्रशांत कुमार अग्रवाल के दिशा निर्देशानुसार झज्जर में सेवानिवृत्त सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवानों की एसपीओ के तौर पर भर्ती के लिए एसपी झज्जर वसीम अकरम आईपीएस की अध्यक्षता में एक विशेष चयन कमेटी का गठन किया गया। विशेष भर्ती कमेटी मे डीएसपी झज्जर तथा एक निरीक्षक स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। विशेष चयन कमेटी द्वारा भर्ती के लिये आवेदक रजिस्टर्ड पूर्व सैनिकों एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों के सेवानिवृत्त जवानों की बड़ी तदाद में आवेदकों को देखते हुए साक्षात्कार की प्रक्रिया को 05 मार्च 2022 तक पूरा करने का निर्णय लिया गया। विशेष पुलिस अधिकारी के तौर पर पूर्व सैनिकों की भर्ती की प्रक्रिया 14 फरवरी 2022 को पुलिस लाइन झज्जर में आरंभ की गई थी । झज्जर पुलिस में रिक्त पदों पर 70 विशेष पुलिस अधिकारी के रूप में भर्ती के लिए काफी संख्या में उम्मीदवारों द्वारा अपना आवेदन पत्र देते हुए रजिस्ट्रेशन कराया गया था। साक्षात्कार के लिए आने वाले सभी उम्मीदवारों के लिए अपने असल कागजात साथ लाने आवश्यक होंगे।