केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि नीतिश कुमार बिहार में शासन चलाने में नाकारा साबित हो चुके हैं। उनके नेतृत्व वाले गठबंधन सरकार में लालू की पार्टी की हिस्सेदारी की वजह से बिहार में अपराधों की संख्या में और बेतहासा वृद्धि हुई है। कानून नाम की चीज बिहार से खत्म हो गयी है। अपराधियों के हौसले बुलंदी पर है और नीतिश कुमार बिहार को जंगलराज बनने से रोक नहीं पा रहे हैं। दिनदहाड़े पत्रकारों, पुलिस वालों, स्कूली छात्रों, व्यापारियों, अधिकारियों की हत्याएं हो रही है। बिहार की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। इसलिए बिहार में नीतिश सरकार को बर्खास्त करके राष्ट्रपति शासन लगा देना ही एक मात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि ‘दो-ढाई साल में बिहार सरकार खत्म हो जाएगी’। क्योंकि नीतिश बिहार चलाने में नकारा साबित हो चुके हैं। पासवान दिल्ली में अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
नीतिश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पासवान ने कहा कि बिहार सरकार के कई मंत्री जेल में बंद आरजेडी नेता शहाबुद्दीन से आए दिन रोज मिल रहे हैं। इससे पुलिस को क्या संदेश जाएगा। उन्होंने सीवान पत्रकार की हत्या के मामले में कहा कि ये बिल्कुल साफ है कि पत्रकार के मर्डर में सीवान के पूर्व मंत्री का हाथ है। हम आपको बता दें कि बिहार के सीवान में पत्रकार की हत्या के मामले में शक की सूई जेल में बंद शहाबुद्दीन पर घूम रही है। पुलिस को शक है कि शहाबुद्दीन के इशारे पर ही पत्रकार की हत्या हुई है। पत्रकार की बीवी ने मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को परिवार की मांग को मानते हुए सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं।
एक सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि बिहार का उपमुख्यमंत्री तेजस्वी बच्चा है उसे अक्ल नहीं कि क्या कहना चाहिए क्या नहीं। उसके मां बाप जो उसे कहने के लिए कहते हैं वही वह कहता है। उन्होंने कहा कि बिहार में जंगल नहीं महाजंगल राज है। वर्तमान सरकार की जितनी भर्तसना की जाए कम है।
उन्होंने नीतिश कुमार के प्रधानमंत्री बनने के मुद्दे पर कहा कि वह दो एमपी लेकर सपने देख रहे हैं। नीतिश से बिहार तो संभल नहीं रहा है वह देश क्या संभालेंगे। बिहार में चल रहे स्थानीय पंचायत चुनावों के बाद उनकी पार्टी के नेतृत्व में एनडीए बिहार बंद का आयोजन करेगी।