आज से देश भर में गणेश महोत्सव शुरू हो रहा है| महाराष्ट्र में गणेश पूजा को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह है और अगले 10 दिनों तक गणपति पूजा की रौनक बनी रहेगी| गणेश महोत्सव के मौके पर मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ दिख रही है| सिद्धिविनायक में सुबह- सुबह गणपति की आरती हुई| गणेश महोत्सव के लिए मुंबई के कुर्ला में बर्फ से गणेश की मूर्ति बनाई गई है| यह मूर्ति पांच फीट ऊंची है| हर साल कुर्ला में बर्फ के गणेश जी बनाए जाते हैं|
गणेश चतुर्थी के मौके पर हैदराबाद में भी भारी उत्साह है। लोग इस त्योहार को धूम-धाम से मनाने के लिए तैयार हैं। लेकिन इको फ्रेंडली अंदाज में, पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए हैदराबाद में लोग मिट्टी से बने गणेश की स्थापना करने पर जोर दे रहे हैं। वहीं हैदराबाद में सबसे बड़ा अकर्षण का केंद्र बनी है 60 फुट ऊंची गणेश जी की प्रतिमा। गणेश जी की ये प्रतिमा देश की सबसे ऊंची गणेश मूर्ति है। 60 फीट ऊंचे गणपति बप्पा को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। खैरताबाद गणेश उत्सव कमेटी द्वारा बनाई गई ये मूर्ती देश में सबसे ऊंची गणेश मूर्ति बताई जा रही है। इस प्रतिमा को 3 महीनों में करीब 200 कारीगरों ने मिलकर बनाया है। पूजा के बाद गणपति को 5 हजार किलो का लड्डू चढ़ाया जाएगा। इस लड्डू को बनाने में करीब 1 हजार किलो घी और 2 हजार किलो चीनी का इस्तेमाल किया गया है। बाजारों में भी गणेश मूर्तियों की धूम है। अलग-अलग आकार और रंगों की ये मूर्तियां तालाब की मिट्टी से बनाई गई हैं। इको-फ्रेंडली ये मूर्तियां पानी में आसानी से घुल सकती है। इन मूर्तियों को रंगने के लिए खतरनाक केमिकल वाले रंगों की जगह फूलों से बने प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है। 10 दिनों तक चलने वाले गणेश उत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए जगह-जगह विशेष पंडाल बनाए गए है। त्योहार में कोई अनहोनी ना हो इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है।