पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में दूषित पानी के जार सप्लाई किए जा रहे है। इसका जीता जागता उद्धारण शिक्षा समिति के कार्यालय में सप्लाई किये गए पानी का जार है जिसमे जिन्दा काॅकरोच पाया गया। जैसे ही इस बात की सूचना कांग्रेसी निगम पार्षद तथा स्थायी समिति की सदस्या को मिली तो उन्होंने निगम सचिव कार्यालय में जाकर उस रखे हुए जार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जार सील बन्द पाया गया जिसमे कॉकरोच साफ़ नज़र आ रहा था। इस जार पर ’सागर’ शब्द तथा एक फोन नम्बर अंकित था। सविता शर्मा ने कहा कि ये बड़े शर्म की बात है कि एक ऐसी फर्म को पानी सप्लाई का टेंडर दिया गया है जो पूर्वी दिल्ली के महापौर, स्थायी समिति के अध्यक्ष, नेता विपक्ष एवं अन्य समितियों के लिए पानी सप्लाई करती है जिसका विभाग की तरफ से ना तो पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाती है ना ही इस संबंध में विभाग की ओर से कोई संज्ञान लिया जाता है। यह बड़े आश्चर्य की बात है कि जब मुख्यालय की ऐसी हालत है तो हमारे पूर्वी दिल्ली नगर निगम की जनता का क्या हाल होगा। विपक्ष की सदस्य स्थायी समिति, सविता शर्मा जी ने कहा ऐसी फर्म जो जनता के स्वास्थ्य के साथ निगम की नाक के नीचे ऐसा खिलवाड़ करती है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये और ऐसे प्लान्ट की जांच कराकर सील किया जाये तथा उसका लाईसेंस रद्द किया जाये।
