उत्तरी दिल्ली के महापौर, जय प्रकाश ने आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार के रूप में पुरानी कहावत ‘नाचना जानें आंगन टेढ़ा‘ को साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कोरोना मरीज़ों के इलाज के लिए व्यवस्था का प्रबंधन करने में सक्षम नहीं है। संकट के समय में स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंधन करने में दिल्ली सरकार पूरी तरह विफल रही है। दिल्ली वालों को इनकी नाकामी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में ना तो दिल्ली सरकार के अस्पतालों में बेड हैं और ना ही ऑक्सीजन की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि जब कोरोना के मामले चरम पर थे इसके प्रमुख अस्पतालों जैसे एलएनजेपी, जीटीबी, डीडीयू आदि में सुविधाएं कम हो रही थी। वे ऑक्सीजन की आपूर्ति को बनाए रखने में पूरी तरह से विफल रहे जब इसकी सबसे अधिक आवश्यकता थी।
महापौर श्री जय प्रकाश ने कहा कि केवल दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ही संसाधनों की कमी के बारे में दैनिक समाचार पत्रों में बयान दे रही है, कोई अन्य राज्य ऐसा नहीं कर रहा है क्योंकि आम आदमी पार्टी जानती हैं कि ये देश की राजधानी में मरीजों को सुविधा देने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होने कहा की आम आदमी पार्टी के लोग दूसरों पर ही दोष लगाने में व्यस्त रहे कि इन्होंने ये किया, उन्होंने वो किया है क्योंकि ना तो इनके पास कार्य करने के लिए इच्छाशक्ति है और न ही बुद्धि। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के लोग बिना तथ्यों और आंकड़ों के निगमों के ऊपर आरोप लगाने का कार्य करते हैं ताकि ये लोग अपनी विफलताओं से नागरिकों का ध्यान भटका सके।
जय प्रकाश ने स्पष्ट किया कि हमने 9000 कोरोना मरीजों को सुविधा प्रदान करके के लिए कहा था मगर दिल्ली सरकार की अनुमति के बिना कोई सुविधा नहीं बनाई जा सकती है। आज तक दिल्ली सरकार ने हिंदू राव अस्पताल में 250, आरबीआईपीएमटी अस्पताल में 100 और बालक राम अस्पताल में 100 मरीजों के लिए सुविधा बनाने की अनुमति दी है। दिल्ली सरकार ने हमें कोरोना मरीज़ों के लिए और अधिक सुविधाएं बनाने की अनुमति नहीं दी, लेकिन वे कह रहे हैं कि हम मरीजों को सुविधा नहीं दे रहे हैं। यह एक सफेद झूठ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार खुद हमें सुविधाएं बनाने की अनुमति नहीं देती हैं और इसके लिए वे हम पर आरोप लगाते हैं।
उन्होंने कहा कि हमने जो भी सेवाएं बनाईं उसमें कोई कमी नहीं होने दी। हमने एक बार भी निगम के अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति कम नहीं होने दी। हमने अपनी सेवाओं को कुशलता से प्रबंधित किया। दिल्ली सरकार यह सोचकर परेशान होती है कि हम कैसे सेवाओं को सुचारू रूप से प्रबंधित कर रहे हैं जबकि वे प्रतिदिन दूसरों को दोष देते रहते हैं – हमारे पास इसकी कमी है, हमारे पास उसकी कमी है।
महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि जब से सुविधाएं सृजित की गई हैं, हम कुशलता से सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। वर्तमान में 145 मरीजों का हिंदू राव अस्पताल में इलाज चल रहा है, 10 आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं। अब तक 674 मरीजों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इसी तरह आरबीआईपीएमटी में आज तक भर्ती कुल 178 में से 24 मरीज अपना इलाज करवा रहे है। उपरोक्त के अलावा, 12624 मरीजो को मातृत्व एवं शिशु कल्याण केंद्रों के माध्यम से होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा हैं।होम आइसोलेशन में अब तक 1,33,896 मरीज भर्ती हुए हैं, जिनमें से 1,16,837 अब तक ठीक हो चुके हैं। बालक राम अस्पताल में कोई मरीज नहीं पहुंचा क्योंकि पॉजिटिव केस कम होने पर यह सुविधा देर से शुरू हुई।
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार दैनिक डेटा जारी करती है और स्पष्ट रूप से कहती है कि कोविड रोगियों की संख्या में भारी गिरावट आई है और संक्रमण दर में लगभग 5.78% तक गिरावट आ गई है, जिसके परिणाम स्वरूप रोगियों की संख्या में कमी आएगी मगर दिल्ली सरकार अनावश्यक रूप से मरीज़ों को भर्ती करने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम कभी भी किसी भी मरीज को इलाज के लिए भर्ती करने के लिए मना नहीं करती है। तो, यह स्पष्ट रूप से एक झूठ है जो आम आदमी पार्टी बोल रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी स्वयं अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को नहीं बता पा रही है जिसके कारण वो रणनीतिक रूप से दूसरों की छवि खराब करने और नागरिकों को गुमराह करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता सारी सच्चाई जानती है।